4 सितंबर 2013 - 19:30
सीरिया में लड़ रहे भारतीय चरमपंथी

भारत में सीरिया के राजदूत ने कहा है कि उनके देश में भारतीय चरमपंथी भी लड़ रहे हैं। रियाज़ अब्बास ने नई दिल्ली में कहा है कि कुछ भारतीय चरमपंथी भी सीरिया में लड़ रहे हैं

भारत में सीरिया के राजदूत ने कहा है कि उनके देश में भारतीय चरमपंथी भी लड़ रहे हैं।  रियाज़ अब्बास ने नई दिल्ली में कहा है कि कुछ भारतीय चरमपंथी भी  सीरिया में लड़ रहे हैं।  उन्होंने कहा कि कुछ भारतीय चरमपंथी, चेचन्या और अफ़ग़ानी लड़ाकों के साथ मिलकर राष्ट्रपति बश्शार असद के विरुद्ध युद्ध में सम्मिलित हैं।  रियाज़ अब्बास ने कहा कि यह चरमपंथी 'इस्लामिक जिहाद'  के नाम पर सीरिया की सरकार के खिलाफ हथियार उठाए हुए हैं। एक अंग्रेजी अखबार से बात करते हुए रियाज़ अब्बास ने कहा कि इस जंग में कई भारतीय चरमपंथी मारे जा चुके हैं और कुछ जिंदा पकड़े गए हैं।   सीरिया के राजदूत ने कहा कि उन्होंने यह जानकारी भारत सरकार के साथ भी साझा की है। रियाज़ ने कहा कि पिछले दो सालों में कोई भी भारतीय अधिकारी सीरिया में हालात का जायजा लेने के लिए नहीं गया है इसलिए वह भारत को भारतीय लड़ाकों के बारे में कोई प्रमाण उपलब्ध नहीं करा पाया है।  उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पहले ऐसी खबरें आई थीं जिनसे यह पता चला था कि सीरिया में कई दूसरे देशों के लड़ाके भी युद्ध में शामिल हैं। इसमें एशिया के अतिरिक्त फ्रांस के चरमपंथी भी शामिल हैं। फ्रांस के कई लोग धर्म बदलकर सीरिया में जेहाद के नाम पर शहीद होने को तैयार हैं। एक ऐसे पिता ने, जिसके दो बेटे लड़ने के लिए सीरिया गए थे, बीबीसी के क्रिस्टियन फ्रेजर को अपनी आपबीती सुनाई थी जिससे यह बात सामने आई।  उल्लेखनीय है कि सीरिया की सरकार कई बार यह कह चुकी है कि उनके देश में कई देशों के आतंकवादी बश्शार असद की लोकतांत्रिक एवं वैध सरकार के विरुद्ध लड़ रहे हैं।